सकलडीहा। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के पैनल में शार्ट सर्किट होने से रविवार की रात 12 बजे पांच फीडरों से जुड़े 110 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात लोग बिजली न होने की वजह से उमस और गर्मी से बिलबिलाते रहे। वहीं, सोमवार को सुबह पेयजल के संकट से भी जूझना पड़ा। कर्मचारियों ने दोपहर 12 बजे पैनल दुरुस्त किया, तब बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
रविवार को आधी रात में सकलडीहा ग्रामीण उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग उमस और गर्मी से परेशान रहे। लोगों ने अधिकारियों और उपकेंद्र को फोन किया तो पता चला कि पैनल में शार्ट सर्किट की वजह से पांचों फीडरों से आपूर्ति बंद हो गई है। रात में बिजली निगम के कर्मियों ने गड़बड़ी दुरुस्त करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार की सुबह बिजली के अभाव घरों में पेयजल आपूर्ति भी बंद रही। इससे लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। काफी प्रयास के बाद सोमवार को दोपहर बाद पैनल की मरम्मत हुई, तब बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। एसडीओ सतीश कुमार ने बताया उपकेंद्र के पैनल में शार्ट सर्किट की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। दोपहर में मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है।