फास्ट फूड के प्रति दिलचस्पी युवाओं को जवानी में ही रोग दे रही है। पौष्टिक आहार न लेने से शरीर में कैल्शियम की कमी के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल में हर रोज 40 से 50 मरीज पहुंच रहे है। डॉक्टर कैिल्शयम की कमी वाले मरीजों को दवा के साथ पौष्टिक खाना खाने की सलाह दे रहे हैं। बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबंध पंडित कमलापति संयुक्त जिला चिकित्सालय इन दिनों लगभग 200 से अधिक हड्डी के रोगी ओपीडी पहुंच रहे हैंं। इसमें 40 से 50 मरीज कैल्शियम की कमी के आ रहे हैं। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.पंकज कुमार ने बताया कि फास्ट फूड का अधिक इस्तेमाल करने से हड्डियों में कैल्शियम, फास्फोरस की कमी हो जाती है इसके चलते ऑस्टियोपोरोसिस बीमारी हो जाती है। इसमें पहले हड्डिया घिसने से जोड़ों में दर्द होता है। इससे बीमार लोग चलने में अक्षम हो जाते हैं। युवा वर्ग विशेष कर इससे प्रभावित हो रहा है। शरीर में लगातार विटामिन डी की मात्रा कम होने के चलते हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। जोड़ों में दर्द के चलते चलना दूभर हो जाता है।