माल ढुलाई में पूर्व मध्य रेलवे ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 में फरवरी माह तक पिछले सर्वश्रेष्ठ लोडिंग का आंकड़ा पार करते हुए 178.94 मिलियन टन का लोडिंग किया है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.43 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष फरवरी माह तक कुल 162.04 मीलियन टन की माल ढुलाई की गई थी। इस तरह यह पिछले वर्ष के मुकाबले 16.90 मिलियन टन अधिक है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि यह पहली बार है जब पूर्व मध्य रेल ने किसी वित्तीय वर्ष में इतने कम दिनों में यह उपलब्धि हासिल की है।