जिले में राशन कार्ड धारकों के सदस्यों की ई-केवाईसी (इलेक्ट्रॉनिक-नो योर कंज्यूमर) कराना अनिवार्य कर दिया है। अगर आपने ई-केवाईसी नहीं कराई तो अगले माह से राशन मिलना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल जिले में 10 लाख यूनिट के ई-केवाईसी नहीं हुई है। जबकि चार लाख यूनिट (सदस्य) ई-केवाईसी करा चुके हैं।
खाद्य एवं रसद विभाग के मुताबिक जिले में 52,493 अंत्योदय और 2,99,563 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक हैं। इनके 14,68,038 यूनिट (सदस्य) की ई-केवाईसी होनी है, जिस पर जून से ही काम चल रहा है। इसमें से अभी तक करीब चार लाख यूनिट की ई-केवाईसी हो गई है। जबकि 10,68,038 यूनिट (सदस्य) ऐसे रह गए, जिनकी ई-केवाईसी होना बाकी है। यदि ई-केवाईसी नहीं कराई तो राशन कार्ड से नाम हटा दिया जाएगा। साथ ही राशन भी नहीं मिलेगा।