पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली से महज पांच सौ मीटर की दूर गल्लामंडी के समीप जीटी रोड पर शनिवार को उचक्कों ने महिला को झांसा देकर उसके गले सोने की चेन उड़ा दी। इसके बाद उचक्के वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने इसकी सूचना 112 नंबर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी रही। महिला ने चेन की कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताया है।
बलुआ थाना क्षेत्र के सढ़ान गांव निवासिनी रईस फातिमा अपने पुत्र सुहैब के साथ शनिवार को स्वास्थ्य की जांच के लिए पीडीडीयू नगर आई थी। एक लैब में जांच कराने के बाद वह गल्ला मंडी के समीप जीटी रोड पर बच्चों के गर्म टोपी और मोजे खरीदने लगी। इस बीच उनका पुत्र पास में ही खड़ी अपनी कार लेने चला गया। रईस फातिमा ने बताया कि जैसे ही वो कपड़े खरीदकर आगे बढ़ी कि तभी पास से गुजरे एक युवक ने सोने के रंग की गुल्ली सड़क पर गिरा दी। इस दौरान वहां दूसरा व्यक्ति पहुंचा और उसने गुल्ली उठा ली। दूसरे व्यक्ति के गुल्ली उठाते ही वहां एक युवक आया और पहले व्यक्ति पर गुल्ली उठाने का आरोप लगाते हुए महिला को गवाही के लिए थाने जाने को कहने लगा।
महिला ने बताया कि दोनों ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और एक गली में ले गए। जहां उनके गले से सोने की चेन जबरदस्ती निकालकर ले गए। महिला ने बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक दोनों लोग वहां से भाग गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी रही। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच के लिए कूड़ा बाजार पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार तिवारी को मौके पर भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।