नेवढि़या थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव में हाई टेंशन तार से स्पर्श के बाद अनियंत्रित होकर खेत म
रामनगर। नेवढ़िया थानाक्षेत्र के बल्लीपुर गांव में शनिवार सुबह एक भीषण हादसा होते-होते रह गया। बालू से लदा एक ट्रक अचानक हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि ट्रक के टायर से धुआं निकलता देख चालक और खलासी ने फौरन कूदकर अपनी जान बचा ली। मुंशीपुर (पडराव) निवासी मुकेश गौड़ के घर बालू उतारकर ट्रक वापस जा रहा था। जैसे ही ट्रक बल्लीपुर गांव के पास नहर पर पहुंचा, ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट प्रवाहित होते ही टायर जलने लगे। इस बीच चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ट्रक बिजली के पोल से टकरा जाता तो पास के खेतों में काम कर रहे कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना ट्रक मालिक को दे दी है। लोगों का आरोप है कि ट्रक की तेज रफ्तार और लटकते तार इस हादसे की मुख्य वजह बने। ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली के तारों को दुरुस्त करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की है। हालांकि, इस मामले में थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने जानकारी होने से इन्कार किया है।