नौगढ़। एसडीएम आलोक कुमार ने सोमवार को स्थानीय सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक समेत कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। एसडीएम ने अनुपस्थित लोगों से से जवाब तलब करते हुए कार्रवाई की संस्तुति डीएम को भेजे पत्र में की है। इसमे कई चिकित्सकों की उपस्थिति पंजिका में दस्तखत भी नहीं थे।
एसडीएम आलोक कुमार सोमवार की दोपहर करीब 1 बचकर 45 मिनट पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। यहां एसडीएम ने सबसे पहले अधीक्षक डॉ. अवधेश पटेल को बुलाया। उन्होंने कुछ चिकित्सकों के जिला मुख्यालय पर मीटिंग में जाने और कुछ लोगों के छुट्टी पर जाने की जानकारी दी। इसके बाद ड्यूटी व उपस्थिति रजिस्टर से मिलान किया। इसमें डॉ. संजय सिंह रजिस्टर में हस्ताक्षर कर बिना किसी सूचना और छुट्टी के गायब मिले। उनकी अनुपस्थिति लगाई। डॉ. शशि भूषण और चिकित्सक डॉ. सुनील सिंह ओपीडी में मरीज देखते मिले। इसके अलावा वार्ड ब्वाय सुनील गुप्ता और प्रशांत पाल बिना किसी सूचना के अनाधिकृत रूप से गायब थे। एसडीएम ने इलाज कराने आए मरीजों से दवा, एक्सरे, खून जांच, डिलीवरी सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सा अधीक्षक को चेताया की आगे से कर्मचारी अनुपस्थित मिले तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दवाओं का स्टॉक खत्म होने के पूर्व मांग बनाकर जिला स्वास्थ्य विभाग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान दवा भंडार कक्ष पहुंचकर मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट संजय श्रीवास्तव से भंडारण रजिस्टर तलब कर उपलब्ध दवाओं से मिलान किया।