चंदौली। पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने औचक निरीक्षण किया। निर्माणाधीन भवन की दीवार में दरार मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। चेतावनी दी कि बिना गुणवत्ता जांच के किसी भी सामग्री का इस्तेमाल न करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यहां कम मैनपॉवर पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। मेडिकल वेस्ट और कूड़े का निस्तारण करने का भी प्रबंध करें। अगले सप्ताह से 24 घंटे शिफ्ट वार श्रमिकों को लगाकर कार्य कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य समय से पूरा किया जा सके। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सत्य प्रकाश और अन्य लोग माैजूद थे।