चकिया। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती हुई संख्या के मद्देनजर जिलाधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने शुक्रवार को स्थानीय जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। जहां उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के बाबत मरीजों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ने सभी को मास्क का प्रयोग किये जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. सीपी कश्यप को कोविड मरीजों को समय से दवा, आक्सीजन सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिये। स्वास्थ्य संबंधित व्यवस्थाओं में लापरवाही की शिकायत उनके कार्यालय में करने को कहा। इस दौरान मुख्य परिसर में कोविड हेल्प डेस्क नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैरिकेटिंग करके कोविड-19 हेल्फ डेस्क की स्थापना करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कोविड-19 एल-2 आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों को दिये जा रहे सुविधाओं को देखकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। चिकित्सालय परिसर का साफ-सफाई बेहतर रखने के साथ कूड़े का निस्तारण उचित स्थान पर करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सीएमएस से कहा कि कोविड-19 के बढ़ते प्रसार को देखते हुए 100 बेड व आक्सीजन की व्यवस्था बढ़ाई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर और बेड बढ़ाने का उपाय बनाए जाएंगे। उन्होंने कोविड वार्ड में सीसीटीवी कैमरे वाइस रिकॉर्ड के साथ लगवाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम व एसपी ने एसडीएम अजय मिश्रा व अन्य अधिकारियों के साथ बाजार में भ्रमण कर लोगों को मास्क का प्रयोग, सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित का पालन करने को कहा। अधिकारियों ने प्रत्येक शनिवार रात्रि 8 बजे सोमवार सुबह छह बजे तक साप्ताहिक बंदी सुनिश्चित किये जाने को निर्देशित किया।