मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक में होली और शब-ए-बरात को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि होली के दिन डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।
शांति समिति की बैठक में डीएम निखिल टी फुंडे ने कहा कि होली के दौरान बिना अनुमति के डीजे बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कहा कि होली के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है। उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों से अपेक्षा की कि समाज के लोगों विशेषकर युवाओं को संयमित व्यवहार करने के लिए प्रेरित भी करें। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लोगों को आश्वस्त किया कि त्योहार के अवसर पर बिजली, पानी, साफ-सफाई, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड के साथ-साथ गुड पुलिसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। कहा कि परंपरागत जगहों पर ही होलिका दहन किया जाए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह होली पर्व को शांति एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है। यदि कहीं समस्याएं आती है तो तत्काल उसे जिला प्रशासन के संज्ञान में लाएं ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। कहा कि होली खेलते समय एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें अफवाहों पर ध्यान न दें, अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि होली के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं किसी प्रकार के नशे का सेवन न करें। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के प्रयोग के साथ यातायात नियमों का पालन जरूर करें। इस दौरान क्षेत्रीय धर्मगुरु गणमान्य एवं संभ्रांत जनों द्वारा बिजली पानी साफ-सफाई इत्यादि के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, उपजिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारी गण, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।