पीडब्ल्यूडी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने जिला पंचायत सदस्य से 18 लाख रुपये ठग लिए। एसपी के निर्देश पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। केराकत कोतवाली क्षेत्र के पेसारा गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य रामबचन सरोज ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र राहुल सरोज को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे सुनियोजित तरीके से 18 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित के अनुसार, आजमगढ़ जिले के सराय रायपुर निवासी आशुतोष राय ने उनकी मुलाकात वाराणसी के बड़ा गांव, थाना चिलबिला निवासी अमित गिरी से कराई थी। आरोप है कि लखनऊ स्थित विधानसभा आवास के पास हुई मुलाकात में आरोपी ने लोक निर्माण विभाग में बड़े बाबू के पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिया। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद