मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को जिला बदर अभियुक्त को जिले की सीमा में प्रवेश करने पर धर दबोचा। इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले आई। शनिवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
बता दें कि मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सतपोखरी निवासी मोती सोनकर के खिलाफ आठ अप्रैल 2024 को अपर जिला मजिस्ट्रेट चंदौली की ओर से छह माह के लिए जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि जिला बदर अभियुक्त मोती महाबलपुर देशी शराब के ठेके के पास राजू शर्मा के कटरे के सामने मौजूद है। सूचना के बाद एसआई अरशद मोहम्मद के नेतृत्व में टीम का गठन कर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने अभियुक्त को धर दबोचा। आवश्यक कार्रवाई के बाद शनिवार को अभियुक्त को जेल भेज दिया। अभियुक्त के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में विभिन्न धाराओं के छह मुकदमें दर्ज हैं।