तहसील मुख्यालय पर 23 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन 13वें दिन रविवार को भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने धरना प्रदर्शन को लेकर तहसील प्रशासन के अधिकारियों के मौन रहने पर नाराजगी जताई। कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका धरना जारी रहेगा। वक्ताओं ने धानापुर में किसानों की जमीन के साथ हेरा-फेरी और बलारपुर नरौली गांव के पट्टा अभिलेख में दर्ज नहीं होने पर नाराजगी जताई। साथ ही गांवों में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने, रानेपुर और मथेला सरहद की पोखरी से अवैध अतिक्रमण हटाने, चहनिया में चौराहे पर भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग भी की। विरोध प्रदर्शन करने वालों में किसान महासभा के जिलाध्यक्ष श्रवण कुशवाहा, रमेश राय, शशीकांत सिंह, डॉ. सुदर्शन राय, मिथिलेश मास्टर, आनंद मौर्य, रेखा, अंजना, गुड्डी, राजबहादुर सिंह, हरि नारायण मौर्य, विजय यादव, रामनिवास यादव, मो. नौशाद, शिवशंकर राय, देवेंद्र यादव, संजय यादव, मुकेश मौर्य, कृष्णा राय, उमाकांत चौहान, रामप्यारे सैनी रहे।