चंदौली। जिले के सिविल बार एसोसिएशन एवं डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन वार्षिक चुनाव होना है। इसको लेकर अभी से सोशल मीडिया पर जोर-शोर से प्रचार शुरू हो चुका है। सोशल मीडिया पर सभी जीत और सभी हार रहे हैं। पद के दावेदार अधिवक्ता सुबह से लेकर शाम तक फेसबुक, व्हाटसएप और इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं। रोजाना लोगों को मैसेज आ रहे हैं। लाइन और व्यूज के लिए पैसे भी खर्च किए जा रहे हैं।
जनवरी के प्रथम सप्ताह में दोनों बार एसोसिएशन की संभावित चुनाव की तारीखों की घोषणाएं भी हो जाएगी। लेकिन अभी से अधिवक्ता समूह का अपने-अपने खेमे में प्रचार-प्रसार भी शुरू हो गया है। पहले जहां चुनाव से अधिवक्ताओं के बैनर्स-पोस्टर, पंफलेट से पूरा कचहरी परिसर भरा रहता था। इस बार के चुनाव 2024 में ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। इस संबंध में पूर्व महामंत्री सिविल बार एसोसिएशन संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि हाईकोर्ट ने बैनर्स और पोस्टर के माध्यम से प्रचार प्रसार पर रोक लगा रखी है जिस कारण अधिवक्ता अब सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सप्प, एक्स, और इंस्टाग्राम का सहारा लेकर प्रचार अभियान में जुटे हैं।
डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार के पूर्व महामंत्री शमसुद्दीन ने कहा कि हमारे बार में नियमित प्रैक्टिस करने वाले योग्य विद्वान अधिवक्ता ही अध्यक्ष और महामन्त्री बनता है। सिविल बार एसोसिएशन चंदौली के पूर्व उपाध्यक्ष अरुण मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया इस समय चुनाव का आधार बना हुआ है। सिविल बार एसोसिएशन चंदौली के पूर्व उपाध्यक्ष उज्ज्वल सिंह ने बताया कि पहले पोस्टर बैनर मेंं काफी पैसे खर्च हो जाते थे। अब उससे मुक्ति मिल गई है। काफी आसान तरीका है और सभी तक पहुंचा जा सकता है।
कौन करता है वोट?
सिविल बार एसोसिएशन चुनाव 2024 में वहीं अधिवक्ता भाग लेते है जो नियमित प्रैक्टिस करते हैं कचहरी आते हैं और जिनके पास सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस (सीओपी) होता है। वहीं चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता होते हैं जिनकी देखरेख में वोटिंग होती है।
सिविल बार एसोसिएशन या डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार चुनाव सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस-प्रशासन की होती है जो चुनाव तक अधिवक्ताओं को सुरक्षा देती है क्योंकि चुनाव कोई भी हो जिला न्यायालय परिसर में गहमागहमी के बीच होती है। और उसी दिन देर शाम तक चुनाव परिणाम आ जाते है।
डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार के अध्यक्ष एवं महामंत्री का चयन वरिष्ठ अधिवक्ताओं की निगरानी में किया जाता है। पदाधिकारियों का चयन भी वरिष्ठ अधिवक्ता पदाधिकारियों द्वारा होता है यानी डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन का चुनाव नहीं होता वरिष्ठ पदाधिकारी ही सभी पद तय करते हैं।