बुधवार से शुरू हुई बारिश गुरुवार की सुबह भी जारी रही। बारिश के बीच सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। इससे सुबह कम मतदाता निकले। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ता गया। कुछ मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतार लग गई। कई केंद्रों पर थोड़ी बहुत नोक झोंक भी हुई लेकिन आमतौर पर माहौल शांत रहा। धानापुर के जोनल मजिस्ट्रेट भूपेन्द्र शुक्ला ने बताया कि कुल 56 प्रतिशत तक मतदान हुआ है। दोपहर में डीएम सुरेन्द्र विक्रम और एसपी अमित वर्मा ने हिंगुतरगढ़, धानापुर, रमरजाई मतदान केंद्रों का जायजा लिया। बारिश से अधिकतर केंद्रों के रास्ते कीचड़ से सने रहे। कस्बा स्थित बूथ नंबर 13 और 14, कुसुम्ही, अमादपुर सहित कई मतदान केंद्रों पर कम रोशनी में मोमबत्ती जलाकर मतदान कराया गया। चहनियांः ब्लाक में चौथे आैर अंतिम चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बीडीओ आनंद कुमार के अनुसार शाम पांच बजे तक पूरे क्षेत्र में 59 प्रतिशत तक मतदान हुआ। इसके साथ ही विकास खंड के 102 गावों में 4 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए खड़े 69 और 105 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए किस्मत आजमा रहे 489 प्रत्याशियों के भाग्य मत पेटिकाओं में बंद हो गए।