चहनिया। क्षेत्र स्थित खंड विकास कार्यालय में प्रशासन आपके द्वार के तहत जनसंपर्क व जन चौपाल कार्यकम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ईशा दुहन ने परिसर में विभिन्न विभागों, कार्यदायी संस्थाओं व प्राइवेट फार्मों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। साथ ही स्टालों पर लगे खाद्य सामग्रियों, ड्रैगन खेती के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा पांच महिलाओं की गोद भराई, पांच बच्चों का अन्नप्रासन व दस बच्चियों को पोषण थैलियों का वितरण किया गया। इसके पहले दीप प्रज्ज्वलित व पौधरोपण कर डीएम ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चंदौली जनपद का विकास कराना है । कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्रमुुख उद्देश्य है। इस कार्यक्रम के तहत जनपद में मौजूद पर्यटक स्थलों को पहचान भी दिलाई जाएगी। ऐसे में जिले के हर ब्लॉक में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कहा कि जनपद के हर गांव में जल्द ही जनचौपाल का आयोजन होगा । इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण, उपजिलाधिकारी मनोज पाठक, डीपीआरओ ब्रम्हचारी दुबे, एडिशनल एसपी सुखराम भारती, सीएमओ डॉ. वाई के राय, क्षेत्राधिकारी राजेश राय, ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल, तहसीलदार वंदना मिश्रा, खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन दीनानाथ यादव ने किया।