पीडीडीयू नगर। यातायात विभाग के कर्मी अपने चालान का कोटा पूरा करने के लिए गलत चालान भी काट दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया। चंदौली के रहने वाले एकचंदौली के मद्धुपुर निवासी बृजेश सैनी के मोबाइल पर बिना हेलमेट के बाइक चलाने को लेकर एक हजार रुपये के चालान का मैसेज आया। युवक को शक हुआ कि वह तो हमेशा हेलमेट लगाता है उसका चालान कैसे हो सकता है। जब उसने इसकी जांच पड़ताल की तो पता चला कि चालान की प्रति में जो फोटो थी उसमें साफ-साफ दिख रहा है कि युवक हेलमेट लगाया है। फिर बिना हेलमेट के चालान कैसे हो गया। परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि इसे हटाने के लिए आवेदन देना पड़ेगा। यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि डेटा फिडिंग में गड़बड़ी से ऐसा हुआ होगा। ऐसे कई लोगों का चालान हो जाता है। जिसे बाद में सुधारा जाता है। युवक एक आवेदन कर देंगे कि हमारा गलत चालान हुआ है तो यह निरस्त हो जाएगा।