पीडीडीयू नगर। आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर है। वह अब डेस्क पर कॉपी-किताब रखकर पढ़-लिख सकेंगे। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के परिसर में स्थित जिले के 241 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए डेस्क व दरी खरीदी जाएगी। इसके लिए जिले को 46 लाख 28 हजार पांच सौ की धनराशि का बजट जारी कर दिया गया है।
जिले के नौ विकास खंडों में लगभग 1300 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इसमें बड़ी संख्या में केंद्र प्राथमिक विद्यालय के परिसर में स्थित हैं। इसमें 241 केंद्रों के लिए 46 लाख 28 हजार 500 की धनराशि जारी किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग का दावा है कि अब तक प्राप्त धन से पहले चरण में 10 व दूसरे चरण में 14 आंगनबाड़ी केंद्रों पर डेस्क व दरी का इंतजाम करा दिया गया है। शेष केंद्रों के लिए टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ली जाएगी।
पीडीडीयू नगर। प्री-प्राइमरी एजुकेशन के लिए संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर कान्वेंट स्कूलों की तरह बच्चों के लिए डेस्क उपलब्ध हो सकेगा। संबंधित विभाग की ओर से छोटे बच्चों को खेलने के लिए पजल्स, प्लास्टिक बिल्डिंग ब्लॉक, डफली व गेंद की सुविधा भी केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी के बच्चों को कक्षा एक की पढ़ाई के लिए तैयार करना है।
शीघ्र ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसे पूरा कर इस सत्र में बच्चों को डेस्क व दरी की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। सत्येंद्र कुमार सिंह, बीएसए, चंदौली।