पीडीडीयू नगर। जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। अब तक इससे पीड़ित चार मरीज मिल चुके हैं। इसमें तीन मरीज चंदौली के आसपास जबकि एक मरीज पं. दीनदयाल उपाध्यान नगर के अलीनगर का है। पिछले वर्ष जिले में 254 लोग डेंगू से पीड़ित हुए थे। उधर, डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग 30 हॉट स्पॉट चिह्नित किया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी नगर निकायों और ब्लॉक के अधिकारियों को उनके क्षेत्र में डेंगू की संभावना को देेखते हुए सूची भेज दी गई है। क्षेत्रों में एटी लार्वा का छिड़काव व साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बार जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका क्षेत्र में 28 स्थानों की सूची भेजी गई। यहां पिछली बार डेंगू के मरीज मिले थे। नगर पंचायत चकिया में सात, नगर पंचायत चंदौली में चार, नगर पंचायत सैयदराजा में पांच स्थानों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में चंदौली ब्लॉक में 19, नियामताबाद ब्लॉक में 13, चकिया में 14, नौगढ़ में 06, शहाबगंज में 10, बरहनी में 14, धानापुर में 10, सकलडीहा में 15, चहनिया में 11 स्थानों को डेंगू के प्रति संवेदनशील घोषित किया है।
नगर पालिका क्षेत्र में कई वार्डो में जलभराव से बुरा हाल हो गया है। सबसे अधिक खराब स्थिति अलीनगर, नई बस्ती, मुगलचक वार्ड की है। जहां तीन से चार दिनों से पानी लगा हुआ है। ऐसे में यहां डेंगू का खतरा बढ़ गया है। वहीं दूसरी तरफ पड़ाव से गोधना तक हो रहे सड़क चौड़ीकरण के दौरान किनारे खोदे गये गड्ढों में भरे हुए बारिश के पानी में भी डेंगू के मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ गई है। संवाद
कोट
शहरी क्षेत्र में नगर पालिका और नगर पंचायतों को दवाओं के छिड़काव का निर्देश दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों के डीपीआरओ को साफ-सफाई की जिम्मेदारी दी गई है। -पीके शुक्ला, जिला मलेरिया अधिकारी