नौगढ़। विकास खंड क्षेत्र के पंचायत मझगांवा के राजस्व गांव तेंदुआ में आधा दर्जन हैंडपंपों के खराब होने पेयजल की समस्या हो गई है। इससे नाराज गांव के लोगों ने शुक्रवार को हैंडपंप के पास बाल्टी-डब्बा लेकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई गई तो विकास खंड कार्यालय का घेराव करेंगे।
इस दौरान गांव के रामजन्म ने कहा कि कई बार ग्राम प्रधान से हैंडपंप मरम्मत कराने को कहा गया। खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र भी सौंपा गया है। बावजूद इसके किसी ने ध्यान नहीं दिया। यहां टैंकर से भी पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। ऐसे में ग्रामीणों को कुएं के गंदे जल को पीना पड़ रहा है। मवेशियों के समक्ष भी पेयजल की समस्या है। संतरा और रजनी ने कहा कि अभी गर्मी की शुरुआत है। तब यह हाल है। मंगरु और प्रेमनाथ ने विकास खंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस दाैरान कौशल्या, नंदू, फूलतारा, प्यार, निशा, शारदा, मंगरु, प्रेमनाथ आदि माैजूद थे।