चकिया। स्थानीय तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर किसानों ने धान क्रय केंद्र बढ़ाने की डीएम से मांग की। किसानों ने कहा कि क्रय केंद्र अधिक होने से धान बेचने में आसानी होगी। डीएम ईशा दुहन के देर से आने के कारण निर्धारित समय से एक घंटे अधिक समय तक समस्याएं सुनी गईं।
जिलाधिकारी डीएम ईशा दुहन के आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में महिला व पुरुष फरियादी सुबह 10 बजे से ही तहसील परिसर में एकत्र रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 114 प्रार्थना पत्र आए जिसमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। किसी सरकारी कार्य से जिला मुख्यालय से संपूर्ण समाधान दिवस में आने में डीएम को देर हो गई। वे दोपहर के करीब एक बजकर 45 मिनट पर पहुंचीं। डीएम के आगमन के पूर्व मौजूद अधिकारियों ने फरियादियों से एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपने को कहा लेकिन फरियादी डीएम से मुलाकात करने पर अड़े रहे। इससे तहसील के अंदर और बाहर फरियादियों की भीड़ जमा रही। संपूर्ण समाधान दिवस पर पहुंची और लोगों की समस्याएं सुनी। इससे दोपहर के दो बजे समाप्त हो जाने वाला संपूर्ण समाधान दिवस दिन तीन बजे तक जारी रहा।
भाकियू नेता वीरेंद्र पाल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। वहीं नगर के वार्ड नंबर दो, अंबेडकर नगर की महिलाओं ने डीएम से शहरी प्रधानमंत्री आवास की तीसरी किस्त जारी करवाने की मांग की। इस पर डीएम ने डूडा को किस्त जारी करने को निर्देशित किया। ंबबुरी थाना क्षेत्र की चंडीपुर गांव निवासी सरोज त्रिपाठी ने भूमिधरी पर कब्जा न दिए जाने की शिकायत की जिस पर डीएम ने तहसीलदार विकासधर दुबे को राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर भूमि पर कब्जा दिलाने का निर्देश दिया।
पिपरिया ग्राम पंचायत की दिव्यांग गरिमा ने पूर्व प्रधान पर शौचालय निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाया। डीएम ने डीपीआरओ को जांच करने के निर्देश दिए। शहाबगंज विकास खंड के भटरौल गांव की निवासी प्रमिला मौर्या ने पंचायत सहायकों की भर्ती में मेरिट लिस्ट में नाम होने के बावजूद दूसरे की नियुक्ति करने का आरोप लगाकर प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने इसकी जांच करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में एएसपी ऑपरेशन सुखराम भारती, एसडीएम ज्वाला प्रसाद, पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज, तहसीलदार विकासधर दुबे, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रमोद गुप्ता, परियोजना अधिकारी डूडा संजय मौर्य, सीएमओ डॉ. युगल किशोर राय, ईओ मेंहीलाल गौतम, विद्युत विभाग के जेई अनिल सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी रहे।
नियामताबाद। पीडीडीयू नगर तहसील के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सीडीओ अजितेंद्र नारायण की अध्यक्षता में हुआ। इसमें कुल 45 प्रार्थना पत्र पड़े जिनमें सात का निस्तारण मौके पर हुआ। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। ज्यादातर मामले शौचालय, पेंशन, आवास, राजस्व मामले से संबंधित रहे। सीडीओ ने निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस पर आए सभी प्रार्थना पत्रों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। इस मौके पर एसडीएम अविनाश कुमार, तहसीलदार विराग पांडेय, नायब तहसीलदार सुनील सिंह, शैलेंद्र शंकर सिंह, विनोद पांडेय, राकेश सिंह, विनय कुमार, आशीष मौर्य रहे।
चंदौली। सदर तहसील दिवस में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 16 प्रार्थना पड़े जिनमें मात्र दो का निस्तारण हो पाया। इस दौरान सदर एसडीएम अजय मिश्रा ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में जो भी आवेदन आए उसका समाधान सभी को गंभीरता से करने की जरूरत है।