शिकारगंज। आगामी 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के युवा काफी उत्साहित दिख रहे हैं। बाजारों में युवा राम मंदिर से जुड़े बैनर, टोपी, गमछे, कुर्ते के साथ अन्य सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले भगवान राम से जुड़ी चीजों की भारी डिमांड है।
जो युवा रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या नहीं जा पा रहे हैं, वे अपनी आस्था प्रदर्शित करने के लिए अपने घरों और प्रतिष्ठानों में राम मंदिर के मॉडल, रामनामी पटाखे और जय श्रीराम के झंडे खरीद रहे हैं। इससे राममंदिर से जुड़े उत्पादों को लेकर नया बाजार चल पड़ा है।
नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में युवा राम मंदिर से जुड़े बैनर, टोपी, गमछे, कुर्ते के साथ अन्य सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार भी पूरी तरीके से गुलजार है। हर शहर और हर घर अयोध्या बनेगा के नारे के साथ रामभक्त अब दुकान-दुकान, बाजार-बाजार जाकर श्रीराम की अलख जगा रहे हैं। दुकानदार कैलाश जायसवाल व मनोज गुप्ता बताते हैं कि वर्तमान में गमछे, टोपी और कुर्ते के अलावा अन्य सामानों की डिमांड बढ़ी है। खास तौर पर युवा दुकान पर खरीदारी करने आ रहे हैं।
कपड़ा व्यवसायी संतोष ने बताया कि रोजाना 20-30 लोग दुकान पर भगवा गमछा और कुर्ता के लिए आ रहे हैं। महीने में भगवा कपड़ों का कारोबार लाखों रुपये का हुआ है।