कंदवा। सामाजिक संस्था रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति के सचिव मृत्युंजय सिंह दीपू ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ महेंद्रनाथ पांडेय से मुलाकात की और मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को दूर कराने की मांग की। सचिव मृत्युंजय सिंह दीपू ने केंद्रीय मंत्री को दिए मांग पत्र में धीना में फरक्का ट्रेन 13483 और 13484 और 13413 और 13414 के ठहराव, धीना में ऊपरगामी पुल का निर्माण, भैंसउर रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास, अरंगी ग्राम सभा के कुआं गांव में खंडहर बन चुके होम्योपैथिक अस्पताल के मरम्मत और जनहित में स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारू रूप से शुरू करवाने, इमिलिया संपर्क मार्ग के मरम्मत करवाने की मांग की। मृत्युंजय दीपू ने बताया कि मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान संस्था की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, जिला महामंत्री उमाशंकर सिंह, बृजेश तिवारी रहे।