नौगढ़। थाना क्षेत्र के बाघी गांव शुक्रवार की सुबह जर्जर दीवार भरभराकर ढ़हने से एक महिला मलबे में दब गई। लोगों ने प्रयास कर जबतक दबी महिला को बाहर निकाला, उसकी मौत हो चुकी थी। मृत महिला घटना के समय नल से पानी भर रही थी। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा था। थाना क्षेत्र के कस्बा अंतर्गत बाघी गांव के किला रोड पर रहने वाले डंगर मद्धेशिया की पत्नी बिलासा (38) घर के पास लगे नल से शुक्रवार को सुबह पानी भरने गई थी। तभी काशी नरेश के सामने मौजूद पुरानी तहसील की जर्जर दीवार का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। इस हादसे में बिलासा मलबे में दब गई। परिवारीजन के साथ अन्य लोगों ने प्रयास कर मलबे को हटाकर बिलासा को बाहर निकाला। साथ ही उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए। इस बीच रास्ते में महिला की मौत हो गई। पुलिस मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार लालता प्रसाद मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को सांत्वना दे कर आर्थिक सहायता की धनराशि दिलाने का आश्वासन दिए।