पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाठ नंबर दो भाग एक स्थित एक घर में भाई-बहन के शव शुक्रवार की रात फंदे पर लटकते मिले। कमरे से बदबू आ रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस देर रात तक जांच करती रही। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाठ नंबर दो भाग एक निवासी कमलेश गुप्ता (45) अपनी बहन अंजू गुप्ता (48) और भाई दीपू गुप्ता के साथ रहते थे। रिश्तेदारों के अनुसार दीपू मनोरोगी था। वहीं, अंजू का 12 साल पहले तलाक हो चुका था। इसके बाद वह भाइयों के साथ ही रहती थी। आठ साल पहले उनके माता-पिता की मौत गई थी। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे पड़ोस का एक युवक उनके घर खाना देने गया था, तो उसकी मुलाकात दीपू से हुई। उसने अंजू और कमलेश के बारे में पूछा तो दीपू ने बताया कि दोनों ऊपर गए हुए हैं। इसके बाद वह जब ऊपर गया तो देखा कि दोनों लोग कमरे में अलग-अलग हुक पर रस्सी के फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मृतकों के रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे सीओ अनिरुद्ध सिंह, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह पहुंच गए। फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुलाई गई।