पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना के कैली गांव के समीप पीडीडीयूनगर चहनिया मार्ग पर बुधवार की सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल से कोचिंग जा रहे छात्र की मौत हो गई। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कैली गांव निवासी धर्मराज यादव का पुत्र धीरज यादव(17) बुधवार को सुबह छह बजे पीडीडीयू नगर में कोचिंग जा रहा था। इसी दौरान गांव के समीप ही पीछे से मिट्टी लादकर आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग गया। घायलावस्था में परिवारीजनों ने इलाज के लिए उसे पीडीडीयू नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई। वाराणसी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं किशोर के मौत की खबर लगते ही पिता धर्मराज यादव, माता मीरा देवी और बड़ा भाई सूरज का रो -रो कर हाल बेहाल हो गया। इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिता धर्मराज यादव दूध का कारोबार कर बड़े पुत्र सूरज को पढ़ाई कराने के बाद सेना में भर्ती की तैयारी करा रहे हैं। वही छोटे पुत्र धीरज को इंटरमीडिएट में पढ़ाई के साथ पीडीडीयू नगर में कोचिंग करा रहे थे।