सोमवार को साप्ताहिक बंदी के दिन फोरलेन के किनारे लगे सोमवारी बाजार में खरीदारों की भी भीड़ उमड़ी। ठंड के आगमन को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़ों के साथ अन्य घरेलू उपयोग के वस्तुओं की खरीदारी की। इस दौरान भीड़ के कारण सुबह के 10 से शाम के छह बजे तक हल्के जाम की स्थिति भी देखी गई। दरअसल, कई वर्षों से प्रत्येक सोमवार को नगर की दोनों पटरियों पर अस्थाई दुकानें लगाई जाती रही है। इन दुकानों पर सस्ती वस्तुएं खरीदने के लिए नगर सहित ग्रामीण इलाकों से खरीदारों की भीड़ उमड़ती है। इस सोमवार को भी फोरलेन के किनारे बने नाले पर गर्म कपड़ों के साथ अन्य घरेलू उपयोग के वस्तुओं की दुकानें लगाई गई थी। सबसे ज्यादा दुकानें कपड़ों की लगी थीं जिनमें शर्ट, जींस के साथ स्वेटर, जैकेट व शॉल की बिक्री व खरीदारी की जा रही थी। लेन की दक्षिणी पटरी पर दुकानों की अधिक संख्या होने के कारण यहां भीड़ भी ज्यादा थी। दुकानों के अलावा ठेले व खोमचे वालों और ऑटो व ई-रिक्शा खड़े होने से जाम की स्थिति भी देखी गई।