चंदौली और सोनभद्र में लूट की कई घटनाओं में शामिल तीन अंतर जनपदीय लुटेरों को पुलिस ने बुधवार की देर शाम धरौली चौकी क्षेत्र के कांटा सैफन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तीन बाइक, एक लाख 54 हजार रुपये नकद, दो तमंचा व अन्य सामान बरामद किया गया। तीनों बबुरी थाना क्षेत्र के करेमुआ गांव के निवासी हैं।
गत दिनों शहाबगंज, सैयदराजा और बबुरी में एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से लूट की घटनाएं हुईं थीं। पुलिस की जांच में पता चला कि कंपनी का ही एक कर्मचारी इन घटनाओं में शामिल था। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के बाद 6 अप्रैल की शाम कांटा चौराहे के पास पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इसी दौरान तीन युवक बाइक से उधर आए। संदेह होने पर पुलिस ने उनको पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार बबुरी थाना क्षेत्र के करेमुआ निवासी जयराम पांडेय चंदौली में एसकेएस माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। उसी की सूचना पर उसके साथी विजय पांडेय और जितेंद्र पांडेय ने सैयदराजा, बबुरी और शहाबगंज में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसी बीच जयराम को सोनभद्र भेज दिया गया। सोनभद्र में रहकर उसने 8 मार्च को 2 लाख 70 लाख रुपये की लूट कराई। यह जानकारी एसपी अमित वर्मा ने पुलिस लाइन में दी। बदमाशों को गिरफ्तार करने में शामिल कुलदीप दुबे, थानाध्यक्ष सैयदराजा अरुण यादव, गिरीश त्रिपाठी, राकेश तिवारी, आदि को एसपी ने पांच हजार इनाम देने की घोषणा की है।