मुगलसराय कोतवाली में खड़ी चोरों के कब्जे से बरामद मोटर साइकिलें।
मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की शाम दो वाहन चोरों को दामोदरदास पोखरे से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोर को यूरोपियन कालोनी से पकड़ा गया। बदमाशों के पास से आठ बाइकें बरामद हुई हैं।
पुलिस लाइन कार्यालय में घटना की जानकारी देते हुए एसपी अमित वर्मा ने बताया कि मुगलसराय कोतवाल विनोद यादव और चंदासी चौकी इंचार्ज कपिल देव यादव हमराहियों के साथ दामोदरदास पोखरे के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर तीन युवक मुगलसराय की ओर आते दिखे। युवक पुलिस को देखकर वाहन मोड़ भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए बलुआ थाना के बिस्सुपुर निवासी ज्योति सिंह व मुगलसराय नगर निवासी अमित कुमार यादव ने चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने यूरोपियन कालोनी स्थित पानी टंकी के पीछे अहाते से मिर्जापुर जनपद के अदलहाट निवासी अभिषेक कुमार यादव को गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस को चोरी की गई आठ मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान गिरोह का एक अन्य सदस्य आशुतोष कुमार यादव भागने में सफल रहा, जिसे पकड़ने में पुलिस टीम लगी हुई है।