सकलडीहा। कोतवाली के ताजपुर गांव में 27 मई को भूसी व्यापारी संजय चौहान की हुई हत्या में नामजद आरोपी को पुलिस ने मंगलवार देर रात को बथावर गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नामजद मुख्य आरोपी सहित अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश में व्यापारी की हत्या की गई थी। एक सप्ताह पूर्व 27 मई की रात साढ़े दस बजे बदमाशों ने संजय चौहान को घर से बुलाकर गोली मार दी थी। संजय को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया लेकिन डाक्टर नहीं मिले। बाद में उसे वाराणसी इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पुरानी रंजिश को हत्या का कारण मानते हुए उसी गांव के हिस्ट्रीशीटर अमित श्रीवास्तव, अब्दुल कादिर सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के दूसरे दिन हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चक्का जाम किया था, वहीं पांच जून को जनवादी पार्टी ने कलक्ट्रेट पर धरना दिया था। मंगलवार की देर शाम कोतवाल भैया छविनाथ सिंह और डेढ़ावल चौकी प्रभारी अनिल कुमार आरोपियों की टोह में निकले हुए थे। तभी पता चला कि हत्यारोपी त्रिपाठ गांव निवासी अब्दुल कादिर उर्फ कादिर बथावर बाजार में है। इस पर वहां पहुंच कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल ने बताया कि अन्य की तलाश की जा रही है।