नियामताबाद। अलीनगर थाना अंतर्गत पचफेडवा गांव के समीप शुक्रवार की सुबह नहर में 15 वर्षीय किशोरी का शव उतराया मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। बाद में किशोरी की पहचान मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना के कटका गांव निवासी राधा (15) पुत्री जिलेदार के रूप में हुई। किशोरी दो दिनों से लापता थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। इसकी जानकारी होते ही परिवार वाले पहुंच गए और पोस्टमार्टम के बाद शव सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार कटका गांव निवासी जिलेदार की पुत्री राधा बुधवार की देर शाम खेत की तरफ गई थी। यहां पैर फिसलने से वह नरायनपुर पंप कैनाल में गिर गई। गहरे पानी मे डूबने से उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला। इधर शुक्रवार को अलीनगर थाना क्षेत्र में एक लड़की का शव नहर में पाए जाने की सूचना मिली। इस पर परिवारीजन अलीनगर थाने पहुंचे। यहां उन्होंने शव की पहचान की। इस संबंध में सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि नहर में शव मिलने की सूचना पर अलीनगर पुलिस पहुंची और शव कब्जे में लेकर थाने आई। यहां परिवार वालों ने शव की पहचान की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया।