चहनियां। बलुआ थाना अंतर्गत स्थानीय बाजार में शनिवार की रात पिकअप पर चढ़कर केला उतारते समय करेंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। इससे मौके पर खलबली मच गई। आस पास के लोगों ने लाठी डंडे से किसी तरह उसे तार से छुड़ाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गाजीपुर के गोपालपुर रेवती निवासी सोनू यादव (32) गांव के ही एक पिकअप पर खलासी का काम करता था। शनिवार को पिकअप पर वाराणसी सट्टी से केला लादकर वह बाजार में आया था। वह पिकअप पर चढ़कर केला उतार रहा था। इसी बीच ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। उसको झुलसते देख उसके साथियों और आस पास के लोगों ने डंडे की सहायता से सोनू को तार से छुड़ाया और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। बाजारवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर थाने पर ले आई। मृतक के परिवारवालों को भी सूचित किया और बाद में लिखा पढ़ी के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना से बाजारवासियों में बिजली विभाग के प्रति गुस्सा है। आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही की वजह से पूरे बाजार में हाईटेंशन तार जगह जगह लटक रहे हैं और दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों को दी गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसकी वजह से यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार वालों को मुआवजा दिलाने और लटके तारों को हटाने की मांग की है।