नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के नई कोट गांव में नवीन परती जमीन पर दो दिन पहले ग्राम प्रधान और लेखपाल की मिलीभगत से ग्रामीणों ने संत रविदास की मूर्ति रख दी गई थी। इसके बाद गांव के ही नारायन और बंशू ने मड़ई लगाकर गुरुवार को वहां शौचालय का निर्माण शुरू करा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और निर्माण कार्य रोकवा दिया। साथ ही ग्राम प्रधान और निर्माण कराने वाले को थाने अपना पक्ष रखने को कहा है। गांव में नवीन परती जमीन कई साल से खाली है। दो दिन पहले ग्रामीणों ने वहां संत रविदास की मूर्ति स्थापित कर दी। इसके बाद गांव के दो और लोग वहां जाकर मड़ई लगाने के साथ ही शौचालय निर्माण कराने लगे। इस बीच ग्राम प्रधान पति अरविंद कुमार की सूचना पर वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने निर्माण कार्य रोकवा दिया गया। ग्राम प्रधान पति अरविंद कुमार का कहना है कि लेखपाल की सहमति से उस जमीन पर ग्रामीणों ने रविदास की मूर्ति रखी है। वहां मंदिर निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद गांव के एक पक्ष के लोग शौचालय निर्माण कराने लगे। इसे रोकवा दिया गया है। वहीं इस मामले में तहसीलदार लालता प्रसाद का कहना है कि बंजर जमीन पर बिना अनुमति के कोई निर्माण नहीं कराया जा सकता। यदि निर्माण हो रहा है या बिना अनुमति मूर्ति रख दी गई है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।