पीडीडीयू नगर। धानापुर कस्बा के बौरहवा बाबा पर गोली मारकर युवक की हत्या पुलिस की नाकामी का बड़ा नमूना है। विशाल ने सुबह भी बूढ़ेपुर चट्टी पर हवाई फायरिंग की थी, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। यदि पुलिस उसी समय चेत जाती तो इतनी बड़ी घटना होने से बच सकती थी।
मृतक राजन सिंह और दूसरे पक्ष के मुट्टन दोनों ही दबंग किस्म के हैं। रायपुर निवासी मुट्टन यादव का पुत्र विशाल यादव जब बुढ़ेपुर गांव में दाढ़ी बनवाने गया तो वहां बुढ़ेपुर निवासी राजन ने रोक दिया। यह बात विशाल को नागवार गुजरी। उसने घर जाकर असलहा ले आया और बुढ़ेपुर में हवाई फायरिंग की। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को भी लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि मनबढ़ विशाल ने बौरहवा बाबा में फायरिंग कर राजन की हत्या कर दी जबकि उसके साथियों को जख्मी कर दिया। इसके बाद पुलिस हत्यारोपित को तलाश कर रही है। वहीं लोगों का कहना है कि यदि सुबह पुलिस चेत जाती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।
धानापुर में दाढ़ी बनवाने का विवाद तो एक बहाना था। घटना के बाद चर्चा के दौरान बात सामने आई कि दोनों पक्ष धानापुर ब्लाक से प्रमुख पद के चुनाव की तैयारी में जुटे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से खींचतान चल रही थी। चर्चा यह भी रही कि दोनों पक्ष एक दूसरे को देख लेने की धमकी भी दे चुके थे।