धानापुर। थाना क्षेत्र अहिकौरा गांव स्थित केसर यादव के ईंट भट्ठे पर गुरुवार की रात वहां तैनात मुनीम लालजी (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लालजी के घर न पहुंचने पर पत्नी उसे खोजते हुए आई तो अधेड़ का शव औंधे मुंह जमीन पर पड़ा था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर थाने ले आई और सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी तरफ अधेड़ की पत्नी ने भट्ठा संचालक पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया। सुबह आठ बजे ग्रामीणों ने हत्यारोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए महराई गांव के समीप पुलिस के कब्जे से शव ले लिया और शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे सीओ सकलडीहा ने मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन देकर जाम छुड़ाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अहिकौरा गांव निवासी लालजी पुत्र सुरज बिंद गांव में ही केसर यादव के ईट भट्ठे पर मुनीम का काम करता था। गुरुवार को वह घर वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों को चिंता हुई। रात आठ बजे लालजी की पत्नी विपत्ति देवी ईट भट्ठे पर गई तो वहां बने मड़ई में जमीन पर लालजी मृत अवस्था में पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। यह देख विपत्ति चीखने चिल्लाने लगी। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव पंचायतनामा के बाद कब्जे में लेकर थाने ले आई। वहीं लालजी की पत्नी लगातार पति की हत्या करने का आरोप भट्ठा संचालकों पर लगाया। शुक्रवार की सुबह पुलिस बिना किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए कागजी कार्रवाई के बाद शव को ट्रैक्टर से पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इससे ग्रामीण नाराज हो गए। सुबह आठ बजे ग्रामीणों ने महराई के समीप ट्रैक्टर रोक दिया और शव उतार कर सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। ग्रामीण अधिकारियों को मौके पर बुलाने, मृतक के परिवार वालों को मुआवजा देने और हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। तीन घंटे बाद सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को हत्यारोपितों के खिलाफ जांच कर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण शांत हो गए और जाम समाप्त किया। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।