पीडीडीयू नगर । जीआरपी पीडीडीयू नगर अंतर्गत दिलदारनगर रेलवे स्टेशन से मंगलवार की देर रात पुलिस ने प्लेटफार्म संख्या एक से जहरखुरान गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ लिया। पुलिस को इनके पास से 130 ग्राम नशीला पाउडर, सोने की अंगूठी व 2600 रुपये नगद मिले। थाने लाकर दोनों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह के अनुसार दिलदार नगर जीआरपी पुलिस चौकी प्रभारी दिन्नू कुमार यादव सिपाहियों के साथ मंगलवार रात दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक के पश्चिमी छोर पर पहुंचे तो दो युवक संदिग्धावस्था बैठे दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने पास जाकर युवकों से पूछताछ की तो सही जवाब नहीं दे सके। शक होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो युवकों के पास से पुलिस को 130 ग्राम नशीला पाउडर समेत चोरी की हुई अंगूठी व 26 सौ रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में युवकों की पहचान सोनू गुप्ता निवासी जमानियां व सिद्धू खरवार निवासी चिलबिली थाना कुदरा बिहार के तौर पर हुई। इसके बाद दोनों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बुधवार को जेल भेज दिया गया।