कमालपुर। धीना थाना क्षेत्र के पिपरी कुटिया गांव में बीते दिनों भूमि विवाद में हुए गोलीकांड के बाद रविवार को स्वतंत्र प्रभार मंत्री अनिल राजभर पीड़ित परिजनों से मिले। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करवाने का भरोसा दिया।
गांव में सवा दो बीघा जमीन को लेकर बीते 18 साल से दो पक्षों में विवाद चल रहा था। एक पक्ष रणजीत सिंह निवासी नोनार जमीन की रजिस्ट्री करा चुका है तो दूसरा पक्ष मिश्री राजभर ने भी जमीन की वसीयत कराई है। जमीन के मालिकाना हक के लिए दीवानी न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। मंगलवार की दोपहर मिश्री राजभर के ससुर शंकर राजभर, साला अनिल राजभर व गांव के कुछ लोग आटा चक्की पर बैठे थे। उसी समय दूसरे पक्ष के लोगों ने उनपर फायर कर दिया था। इसमें गोली लगने से शंकर घायल हो गए थे। पीड़ित पक्ष ने दूसरे पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी घासी राजभर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं अभी भी सात आरोपी पुलिस गिरफ़्त से दूर हैं। परजिनों से मिलने गए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि घटना में शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर अतुल सिंह, गिरधारी मास्टर, अमरजीत राजभर, दीनबंधु, अतुल सिंह,गोपाल मास्टर, प्रकाश राजभर, बिजेंद्र मौजूद रहे।