मुगलसराय। पिछले महीने पेट्रोल पंपों पर मशीनों में चिप लगाकर घटतौली किए जाने की शिकायत पर जनपद में स्थित 68 पेट्रोल पंपों की जांच की गई थी। इस जांच में तीन पेट्रोल पंपों पर घटतौली की अनियमितता पाई गई। इनके खिलाफ जिलाधिकारी के निर्देश पर चंदौली कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई। जिसके चलते शनिवार को अन्य पेट्रोलपंप संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनीं रही ।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिछले दिनों पेट्रोल पंपों पर एसटीएफ ने छापेमारी कर चिप के जरिए घटतौली किए जाने का मामला पकड़ा था। इसके बाद से यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया गया । 02 मई 2017 को जनपद में स्थित 68 पेट्रोलपंपों की जांच समय-समय पर जिला पूर्ति अधिकारी, मेडिको इंजीनियर वाराणसी, उपप्रबंध वाराणसी (आरएस), वरिष्ठ वाट माप निरीक्षक, विधि माप विज्ञान एवं पूर्ति निरीक्षक द्वारा की गई थी। पेट्रोल पंपों की जांच में तीन पर घटतौली की अनियमितता पाई गई। जिसमें मेसर्स मोटर केयर ताहिरपुर मिल्की पुर बसंत नगर चंदौली जिसमें एक डीजल पंप के नोजल से पांच लीटर में 40 मिली की कमी पाई गई वहीं मेसर्स किसान सेवा केन्द्र मझवार चंदौली के एक पेट्रोल पंप के नोजल से पांच लीटर में 40 मिली की घटतौली मिली। मेसर्स कर्मा फ्यूल छित्तो जीटी रोड चंदौली पर पेट्रोल पंप के नोजल से पांच लीटर मे 50 मिली की कमी पकड़ी गई थी। अनियमितता की जानकारी टीम ने जिलाधिकारी को दी थी । वर्तमान जिलाधिकारी हेंमत कुमार ने तथ्यों की जांच पड़ताल के बाद इन तीनों पेट्रोल पंप संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। जिसपर पूर्ति संबंधित पूर्ति निरीक्षकों की तहरीर पर चंदौली कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि जांच के दौरान घटतौली मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षकों की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।