चंदौली। पुलिस को रविवार की रात तस्करी करके बिहार ले जा रहे अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता मिली। पुलिस ने दो लग्जरी वाहनों से चार लाख से अधिक कीमत की 85 पेटी अवैध शराब को बरामद करने के साथ ही छह तस्करी के आरोपियों को पकड़ जेल भेज दिया। इसका खुलासा सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी संतोष कुमार ने किया और तस्करी में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया।
अलीनगर थानाध्यक्ष अतुलनारायण सिंह को रविवार को सूचना मिली कि दो लग्जरी वाहन में भरकर अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जाया जा रहा है। इसपर उन्होंने चकिया चौराहे पर वाहनों के जांच के लिए उपनिरीक्षक मोहन प्रसाद के साथ अन्य पुलिस कर्मियों को लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। वहीं रेवसा ग्राम के पास धुरेंदर प्रसाद के साथ पुलिस टीम को लगा दिया। इस बीच पुलिस ने चकिया चौराहे के पास से स्कार्पियो से करीब दो लाख 40 हजार रुपये कीमत की 50 पेटी शराब बरामद की तथा वाहन में बैठे वाराणसी के लोहता थाना निवासी राजकमल साहनी, अनुभव पांडेय और अभिनाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उधर रेवसां के पास से पुलिस ने एक बोलेरो में रखी गई करीब एक लाख 68 हजार रुपये की 35 पेटी अवैध शराब बरामद किया। इसमें बिहार बक्सर के निरंजनपुर ग्राम निवासी मनीष दुबे, कोठिया बड़की ग्राम निवासी दुर्गेश सिंह और नागेश्वर सिंह को भी पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में बताया कि भदोही से शराब को लेकर वह बिसहार में बेचने के लिए जा रहे थे। लेकिन जांच के दौरान पुलिस की गिरफ्त में आ गए। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में रजनीश सिंह, धर्मपाल, रत्नेश पांडेय, ओम प्रकाश, शिवकेश सिंह, संदीप आनंद, राजेश यादव शामिल रहें।