सैयदराजा/इलिया। शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस ने 13 पेटी अंग्रेजी और इलिया पुलिस ने 50 पैकेट टेट्रा पैक शराब पकड़ी। शराब के साथ दो तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सैयदराजा पुलिस बुधवार की सुबह बगही गांव के समीप हाईवे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि एक तस्कर कार से बड़ी मात्रा में शराब लेकर बिहार की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की तलाश तेज कर दी। कुछ देर बाद पुलिस को एक कार आती दिखी। पुलिस को चेकिंग करता देख कार का चालक कार खड़ी कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर भाग रहे युवक को धर दबोचा। कार की तलाशी लिए जाने पर उसमें 13 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ में तस्कर ने स्वीकार किया कि वह शराब बिहार बेचने ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया तस्कर मुगलसराय निवासी राहुल निगम है। वहीं इलिया पुलिस ने मंगलवार रात माल्दह गांव की पुलिया के पास से अंतर्जनपदीय चोर को 50 पाउच अंग्रेजी टेट्रा पैक शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इमलिया गांव निवासी राजू खरवार 50 पाउच टेट्रा पैक शराब को माल्दह पुल के रास्ते से बिहार बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी रामनगर जेल से वर्ष 2017 से फरार चल रहा था। उस पर मुगलसराय के एक से चोरी करने व बाइक चुराने सहित चार मुकदमे दर्ज हैं।