कोतवाली क्षेत्र के रानेपुर गांव में शुक्रवार की देर रात तीन दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने 35 हजार नकदी सहित हजारों का सामान पार कर दिए थे। घटना के दो दिन बाद भी खुलासा न होने से ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
डेढ़ावल चौकी क्षेत्र के रानेपुर गांव में शुक्रवार की देर रात चोरों ने अशोक गुप्ता की किराने की दुकान का ताला तोड़कर कैश काउंटर से 35 हजार नकदी सहित हजारों का सामान लेकर फरार हो गए। वहीं बगल में अवधेश शर्मा की साइकिल दुकान और अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला चटका दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस जांच के नाम पर खानापूर्ति कर वापस लौट गई।
दो दिन बाद भी घटना के बाद पुलिस द्वारा चोरी का खुलासा न करने से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।। इस संबंध में सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। शीघ्र ही मामले का खुलासा होगा। इस दौरान राजू गुप्ता, छोटू, अशोक, सगुन राय, प्रमोद पाल, योगेंद्र, अशोक, संतोष चौहान आदि मौजूद रहे।