चकिया। क्षेत्र के इसहुल गांव में सोमवार को पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रुप से छापेमारी कर कच्ची शराब बनाने की भट्ठी का भंडा-फोड़ किया। इस कार्रवाई में 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस दौरान दो क्विंटल लहन नष्ट कर दिया गया एवं मौके से गांव निवासी घूरेलाल बिंद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में जहरीली शराब पीने से 100 से अधिक लोगों की मौत के बाद शराब बनाने की भट्ठियां सरकार के निशाने पर हैं। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर कि इसहुल गांव में घूरेलाल बिंद अपने घर में अवैध कच्ची शराब बनाकर शराब बेचने का धंधा करता है। इस सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह, कोतवाल महेंद्र कुमार पांडेय तथा आबकारी निरीक्षक चकिया-2 ओंकारनाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं आबकारी की टीम ने इसहुल गांव में घूरेलाल बिंद के घर पर छापेमारी की। इस दौरान शराब बना रहे कई लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने मौके से 40 लीटर कच्ची शराब तथा शराब बनाने के उपकरण अपने कब्जे में ले लिया तथा भट्ठी सहित 2 क्विंटल लहन नष्ट कर दिया। छापेमारी के दौरान घूरेलाल बिन्द को गिरफ्तार कर लिया गया।