सैयदराजा। थाना क्षेत्र के प्रितमपुर गांव में एक सप्ताह पूर्व घर से गायब युवक का शव शनिवार को गांव में ही अरहर के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में रोना-पीटना मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी विपिन मौर्य (28) परिजनों को बिना सूचित किए करीब एक सप्ताह पूर्व कहीं चला गया था। परिवार के लोग आसपास के गांव व रिश्तेदारियों में उसकी तलाश कर रहे थे। मृतक की शादी चार माह पूर्व ही चंदौली कोतवाली क्षेत्र के डिग्घी गांव में सरिता मौर्य से हुई थी। पति के मौत की खबर मिलते ही पत्नी सरिता पर तो जैसे पहाड़ टूट गया। वह बार-बार रो रोकर बेहोश हो जा रही थी। विपिन तीन भाइयों से सबसे बड़ा था। पिता की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके ही कंधों पर थी। वह सैयदराजा क्षेत्र के भतीजा रोड स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक की नौकरी कर किसी तरह खर्च चला रहा था। मां, भाई व बहन भी विलाप करते करते सुध बुध खो दे रहे थे। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने कहा कि मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चल पाएगी।