चकिया। कोतवाली के पीतपुर गांव निवासी पुलिस मित्र बबलू यादव के अपहरण एवं उसकी गोली मारकर हत्या के बाद शव को जला देने की घटना के मुख्य अभियुक्त जयकांत यादव उर्फ लालू यादव की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, तीन कारतूस और बबलू यादव का मोबाइल पुलिस ने बरामद कर लिया। जयकांत यादव उर्फ लालू यादव ने पांच दिसंबर को सीजेएम कोर्ट चंदौली में आत्मसमर्पण कर दिया था। आत्मसमर्पण के बाद कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के लिए लालू यादव को तीन दिन के रिमांड पर शुक्रवार को लिया। लालू यादव की निशानदेही पर पुलिस ने चकिया-नौगढ़ मार्ग पर स्थित पथरहवा बीयर के पास से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, तीन कारतूस तथा एक खोखा और मृतक बबलू यादव का मोबाइल बरामद किया। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि 17 अक्तूबर को अपहरण के बाद ही उसी दिन पुलिस मित्र बबलू यादव की हत्या कर दी गयी थी। रिमांड के दौरान पूछताछ में लालू यादव की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा तथा कारतूस के साथ मोबाइल बरामद किया गया।