इलिया। थाना क्षेत्र के खरौझा गांव में बुधवार को विकास कार्यों की जांच करने आई एआर कोऑपरेटिव की टीम के समक्ष पक्ष-विपक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज शहाबगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
डीएम के निर्देश पर गांव में आवास, शौचालय, सीसी रोड से लेकर मनरेगा के कार्य में धांधली की जांच करने एआर कोऑपरेटिव सोमी सिंह पहुंची थी। उनके जांच कार्य शुरू करते ही विरोधी पक्ष के मदन सिंह ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए अधूरे कार्य बताने लगे। इस पर प्रधान पक्ष के लोगों के साथ अन्य ग्रामीणों की मारपीट होने लगी। इसमें ग्रामीण श्यामलाल (45) व आजाद सिंह (25) और ग्राम प्रधान पक्ष के केदार सिंह (55), राजन सिंह (40), छोटक (40) व सुनील सिंह (48) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक पक्ष के तीन व दूसरे पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की तहरीर दी है।