पीडीडीयू नगर। कोतवाली क्षेत्र के चंदासी में रेलवे ट्रैक के समीप रविवार की सुबह अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कोतवाली पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुबह रेल लाइन के पास ग्रामीणों ने करीब 50 वर्ष के एक अधेड़ को पड़ा देखा। करीब जाकर देखा तो उसके शरीर में किसी प्रकार की हरकत नहीं हो रही थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे और शव को कोतवाली ले आए। मृतक सिलेटी रंग की जैकेट व नीली जींस पहने था। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा कि यात्रा के दौरान किसी ट्रेन से गिरने के कारण मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा।