बबुरी। थाना अंतर्गत बबुरी-धरौली मार्ग पर जरखोर गांव के समीप रविवार की रात वाहन के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह अपनी मां को पड़या गांव में आयोजित शादी समारोह में पहुंचा कर घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्र के भैसही गांव निवासी हंसराज विश्वकर्मा उर्फ हंस (35) रविवार की रात अपने रिश्तेदार के यहां वैवाहिक समारोह शामिल होने अपनी मां को लेकर पड़या गया था। आधी रात को वह मां को वहीं छोड़ कर बाइक से अकेले घर लौट रहा था। जरखोर गांव के समीप ही पहुंचा था कि किसी अज्ञात वाहन के धक्के से वह सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से चोटिल हो गया। सड़क सुनसान होने की वजह से टक्कर होने के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। इधर चोटिल हंसराज की मौके पर ही मौत हो गई। रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर मृत युवक पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर थाने ले आई और परिवार वालों को घटना की सूचना दी। हंसराज की मौत की खबर लगते ही परिवार वालों को कोहराम मच गया। पत्नी चमेला रोते-रोते अचेत हो जा रही थी। वहीं मां का भी रो रोकर हाल बेहाल हो गया। हंसराज विश्वकर्मा को दो पुत्र तथा एक पुत्री है।