टाडांकला। दुकान में चोरी के बाद तहरीर लेकर पुलिस चौकी पहुंचे भुक्तभोगी से जब चौकी प्रभारी ने दूसरी तहरीर लिखकर लाने को कहा तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज हसनपुर बड़कीबारी गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को मारुफपुर पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची बलुआ थाने की पुलिस ने शीघ्र चोरों को पकड़ने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर चौकी अंतर्गत हसनपुर बड़कीबारी गांव में सरया धानापुर निवासी राकेश यादव की दुकान है। बीते गुरुवार की रात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में रखे लाखों रुपये का सामान पार कर दिया था। इस संबंध में भुक्तभोगी जब शुक्रवार को पुलिस चौकी पर तहरीर देने पहुंचा तो चौकी प्रभारी ने उसे दूसरी तहरीर लिखकर लाने को कहा। इस पर भुक्तभोगी व उसके साथ आए ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने इसकी सूचना बलुआ थाने पर दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर उक्त चोरी की घटना का जल्द से जल्द पर्दाफ़ाश करने का आश्वासन दिया।
पीड़ित ने बताया कि चोर दुकान में रखे कीमती मोबाइल, बैट्री, ग्रीस, क्रास, डायनेमो, बेयरिंग समेत लाखों रुपये के सामान चुरा ले गए हैं। उधर लोगों का आरोप था कि स्थानीय पुलिस की शिथिलता के कारण क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हुई हैं। कार्रवाई के नाम पर पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है। वहीं सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि चोरी की तहरीर ले ली गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।