चंदौली। सदर कोतवाली के पिपरी गांव में गुरुवार को कहासुनी के बाद हुई मारपीट में दस लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस घायलों को थाने ले आई। जहां उनका उपचार सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया। दोनो पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
क्षेत्र के पिपरी निवासी कैलाश तिवारी व सुनील के बीच में किसी विवाद को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। गुरुवार को दोनो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनो पक्ष के लोग आमने सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनो पक्षों से कैलाश तिवारी(50), इंद्रजीत तिवारी(45), घनश्याम तिवारी(47), नीबू(19), अनिल(27), सुनील(23), रिंकू(29), आशुतोष(25), कल्लू(29) और बबलू(17) घायल हो गए। मामले की जानकारी होने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को थाने ले आई। घायलों को उपचार सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया। कोतवाल आशुतोष ओझा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।