इलिया। कस्बा निवासी दिलीप दूबे (42) के ऊपर बुधवार की रात बाइक सवार दो हमलावरों ने तेजाब फेंक दिया। तेजाब से दिलीप का हाथ और पीठ बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद दिलीप दूबे को चंदौली स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्राधिकारी चकिया महेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि दिलीप की तहरीर पर पुलिस दो व्यक्तियों संजय दूबे और अशरफ अली पर नामजद मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाई में जुट गई है।
दिलीप दूबे (42) किसानी करके अपना और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। साथ ही कुछ राजनैतिक हिस्सेदारी में भी भाग लेते हैं। जिसके कारण कस्बे के ही कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हैं। राजनीतिक विद्वेश के चलते कस्बा के संजय दूबे और अशरफ अली से दो वर्ष पूर्व उनका विवाद हुआ था। दिलीप दूबे रात करीब साढ़े दस बजे बाजार से घर जा रहे थे। जैसे ही वह घर के बाहर दरवाजे पर पहुंचे कि बाइक सवार दो हमलावरों ने उनके ऊपर तेजाब फेंक दिया। जिससे उसका हाथ और पीठ बुरी तरह झुलस गया। पीड़ित दिलीप ने बताया कि पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से बाइक से पहुंचे संजय दूबे और अशरफ अली रविवार की देर रात तेजाब फेंक दिया। शोरगुल मचाया लेकिन लोगों के पहुंचने के पूर्व ही बाइक सवार भाग निकले। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली।